जयसिंहनगर आईटीडीपी को राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी पहचान, परियोजना प्रशासक ललित पांडेय सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहडोल।शहडोल जिले के आईटीडीपी जयसिंहनगर ने जनजातीय विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित नेशनल आईटीडीए कॉन्क्लेव में परियोजना प्रशासक ललित पांडेय को उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘बेस्ट परफॉर्मिंग आईटीडीपी/प्रोजेक्ट ऑफिसर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान के साथ 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि रहीं। इस दौरान केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, राज्य मंत्री दुर्गादास उइके सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, शिक्षा, विज्ञान, नवाचार एवं डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

परियोजना प्रशासक ललित पांडेय के नेतृत्व में आईटीडीपी जयसिंहनगर ने मल्टी पर्पज सेंटर (MPC), मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU), प्रधानमंत्री आवास योजना एवं वन धन विकास केंद्र जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य, आवास, आजीविका एवं सेवा वितरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।

यह उपलब्धि शहडोल जिले एवं मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है तथा जनजातीय विकास के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

error: Content is protected !!