निर्माणाधीन विकास कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करें, जिले के विकास को मिलेगी नई गति:उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहडोल।मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि जिले में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माणाधीन विकास कार्यों को तेजी के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके और जिले के विकास को नई गति प्राप्त हो।सर्किट हाउस बाणसागर में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में उप मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में उप मुख्यमंत्री ने शहडोल-उमरिया मार्ग, ब्यौहारी के विजयसोता पुल निर्माण एवं भन्नी सिंचाई परियोजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर को निर्देश दिए कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज एवं जिले के विभिन्न हेल्थ सेंटरों का कार्य जल्द पूर्ण कर उनका शुभारंभ कराने के निर्देश दिए।उप मुख्यमंत्री ने जिले के जर्जर शासकीय विद्यालयों को चिन्हित कर उनकी मरम्मत कराने तथा निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालयों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।जनहित को ध्यान में रखते हुए उप मुख्यमंत्री ने जनपद पंचायत कार्यालय ब्यौहारी के सामने संचालित शराब दुकान को हटाने के निर्देश कलेक्टर को दिए।
बैठक में मेडिकल कॉलेज के रिक्त पदों की भर्ती, भू-अर्जन कार्य, टेटका-शहडोल मार्ग, जयसिंहनगर बाईपास, ब्यौहारी-सपटा मार्ग, जल जीवन मिशन एवं कटनी-सिंगरौली डबल रेलवे लाइन परियोजना सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक जयसिंह मरावी, शरद कोल, मनीषा सिंह, कलेक्टर डॉ.केदार सिंह, जिला पंचायत सीईओ शिवम प्रजापति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!