शहडोल।नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक एवं परीक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा गुरुवार को विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से गांधी चौक तक निकाले गए इस जुलूस में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र-युवा प्रतिनिधि एवं एनएसयूआई पदाधिकारी शामिल हुए।
मशाल जुलूस के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करने की मांग उठाई। हाथों में मशाल और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने नीट घोटाले की जांच करो,युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” एवं छात्र विरोधी सरकार मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि देश के लाखों छात्र-छात्राएं कठिन मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं,लेकिन लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का विश्वास व्यवस्था से उठता जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाए रखने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना करोड़ों युवाओं की मेहनत और सपनों के साथ अन्याय है। कांग्रेस पार्टी छात्रों के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी तथा मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नीट परीक्षा की निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग भी उठाई।मशाल जुलूस में जिला कांग्रेस,ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

