खनिज एवं वन विभाग ने 520 घनमीटर से अधिक रेत का स्टॉक किया नष्ट, भूमि स्वामियों पर भी होगी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहडोल। जिले के सोहागपुर तहसील अंतर्गत ग्राम नरवार एवं बिजौरी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं भंडारण की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देशन एवं खनि अधिकारी के मार्गदर्शन में बुधवार को खनिज एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बिजौरी, बगैहा और नरवार क्षेत्र का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान ग्राम बिजौरी स्थित मुड़ना नदी के समीप बड़े पैमाने पर अवैध रेत भंडारण पाया गया। विभागीय टीम को नदी किनारे लगभग 250 घनमीटर, अमृत सरोवर तालाब के पास 200 घनमीटर तथा सड़क किनारे करीब 70 घनमीटर रेत का अवैध स्टॉक मिला।

कार्रवाई करते हुए टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से रेत में मिट्टी मिलाकर पूरे स्टॉक को नष्ट कर दिया।
विभाग द्वारा शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया गया, लेकिन निरीक्षण के दौरान कोई भी शिकायतकर्ता स्थल पर उपस्थित नहीं हुआ। अधिकारियों ने बताया कि इससे पूर्व भी ग्राम बिजौरी में लगभग 300 घनमीटर अवैध रेत भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है।जांच के दौरान कुछ निजी भूमि पर भी अवैध रूप से रेत भंडारित पाए जाने के संकेत मिले हैं। संबंधित भूमियों को चिन्हित कर लिया गया है। राजस्व विभाग से सत्यापन उपरांत भूमि स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज एवं वन विभाग का अमला लगातार निगरानी कर रहा है। कार्रवाई खनि निरीक्षक शहडोल के नेतृत्व में विभागीय अमले की उपस्थिति में संपन्न हुई।

error: Content is protected !!