नवागत पुलिस अधीक्षक ने किया पदभार ग्रहण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहडोल।जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने बुधवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उनके आगमन से जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अपनी सादगी, प्रशासनिक दक्षता और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले श्री अग्रवाल का पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वागत किया।
वर्ष 1997 बैच के राज्य पुलिस सेवा (SPS) तथा वर्ष 2016 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने बी.ए.एम.एस. एवं एल.एल.बी. की शिक्षा प्राप्त की है। इससे पूर्व वे डीसीपी इंटेलिजेंस भोपाल एवं मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी में महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उन्होंने भिंड, नीमच, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दतिया, शिवपुरी, जबलपुर और भोपाल सहित अनेक जिलों में अपनी कुशल कार्यशैली की छाप छोड़ी है। इसके अलावा सीआईडी, विशेष शाखा, एसएएफ, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) और एसआईएसएफ जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों में भी उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं।
उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2017-18 का के.एफ. रुस्तम पुरस्कार तथा वर्ष 2020 में भारत सरकार द्वारा राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी पहचान एक अनुशासित, संवेदनशील और परिणामोन्मुख पुलिस अधिकारी के रूप में रही है।
पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराधों पर अंकुश तथा आमजन के प्रति संवेदनशील और जनोन्मुखी पुलिसिंग उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने जिलेवासियों से पुलिस का सहयोग करने और सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं अपराधमुक्त शहडोल के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
जिले के लोगों को उम्मीद है कि अनुभवी और पुरस्कार प्राप्त अधिकारी के नेतृत्व में शहडोल पुलिस अपराध नियंत्रण, जनविश्वास और बेहतर पुलिसिंग के नए आयाम स्थापित करेगी।

error: Content is protected !!