शहडोल। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने पदभार संभालने के बाद अपनी पहली पत्रकार वार्ता में साफ कर दिया कि शहडोल में अपराधियों, नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के लिए अब कानून का शिकंजा और मजबूत होगा। अपने स्पष्ट विजन, अनुभवी नेतृत्व और जनहितैषी सोच का परिचय देते हुए उन्होंने पुलिस की भावी कार्ययोजना साझा की और कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आमजन का विश्वास जीतना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
एसपी श्री अग्रवाल ने बताया कि 15 जुलाई से 30 जुलाई तक जिलेभर में विशेष नशा विरोधी अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों का भी सहयोग लिया जाएगा। अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस अब मीडिया में प्रकाशित जनहित से जुड़े समाचारों को भी गंभीरता से लेगी। यदि किसी समाचार के माध्यम से अपराध, अवैध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला सामने आता है तो पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगी। इसके लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए एसपी ने कहा कि पुलिस का सूचना तंत्र और अधिक मजबूत किया जाएगा। रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाएगी तथा जिन थानों में पुलिस बल की कमी है, वहां पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा, जहां खबर होती है, वहां पुलिस पहुंचती है और जहां पुलिस होती है, वहां पत्रकार भी मौजूद रहते हैं।उनके अनुसार पुलिस, मीडिया और आमजन के सामूहिक सहयोग से ही अपराधमुक्त, सुरक्षित और पारदर्शी समाज का निर्माण संभव है।
अनुभवी और पुरस्कार प्राप्त अधिकारी के रूप में पहचान रखने वाले एसपी संजय कुमार अग्रवाल की पहली प्रेसवार्ता से यह स्पष्ट संकेत मिला कि जिले में अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस का रुख सख्त रहेगा तथा जनहित के मुद्दों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाएगी।

