शहडोल।कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के नेतृत्व में शहडोल जिले में विश्व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक जनभागीदारी आधारित विशेष अभियान चलाया जाएगा। 5 जून से 21 जून तक संचालित होने वाले इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जनकल्याण, प्राकृतिक खेती और योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने अधिकारियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक उनका लाभ पहुंचाना है।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलेभर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान-3.0 के तहत व्यापक पौधरोपण किया जाएगा। कलेक्टर ने नीम, पीपल, बरगद, आम सहित छायादार एवं फलदार पौधों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।कलेक्टर ने शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थानों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ परिसर ही स्वस्थ समाज की पहचान है। उन्होंने अभियान की गतिविधियों को निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए।जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने 12 से 18 जून के बीच ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में क्लस्टर स्तर पर जनकल्याण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

इन शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा तथा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 और 20 जून को जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनी एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को जिलेभर में व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि योग केवल स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि संतुलित जीवन शैली का आधार है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर भी कलेक्टर ने अभिनव पहल करते हुए अधिकारियों को समूह में वाहनों का उपयोग करने तथा योग दिवस जैसे आयोजनों में साइकिल एवं इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की इस पहल को जिले में पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन की मंशा स्पष्ट है कि विकास, पर्यावरण और जनसेवा के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करते हुए जिले को नई दिशा दी जाए।

