शहडोल/बुढ़ार। जिले के बटूरा क्षेत्र में लंबे समय से संचालित अवैध कोयला उत्खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 80 टन अवैध कोयला जब्त किया है। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह को मामले की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई संभव हो सकी।संयुक्त टीम द्वारा ग्राम बटूरा, तहसील बुढ़ार में जांच के दौरान लगभग 80 टन कोयला अवैध रूप से भंडारित पाया गया। मौके पर एक लोडर एवं दो हाईवा वाहनों की मदद से कोयले को जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में रखा गया। उल्लेखनीय है कि इसी क्षेत्र में गत सप्ताह भी 10 टन कोयला जब्त किया गया था।ग्रामीणों का कहना है कि बटूरा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयले का कारोबार संचालित हो रहा था। कई बार शिकायतें भी की गईं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बताया जा रहा है कि संयुक्त टीम की कार्रवाई देर रात तक चली, जिसके दौरान कई वाहन चालक कथित रूप से कोयला लेकर मौके से भागने में सफल रहे।

सूत्रों के अनुसार यदि कार्रवाई की भनक पहले न लगती तो मौके से करीब 150 टन से अधिक कोयला और कई अन्य वाहन भी जब्त किए जा सकते थे। इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला उत्खनन और भंडारण का नेटवर्क सक्रिय था।
हालांकि अब तक इस पूरे अवैध कारोबार के मुख्य आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर लंबे समय से चल रहे इस कारोबार के पीछे कौन लोग शामिल थे और उन्हें संरक्षण किसका प्राप्त था।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। अवैध खनन एवं भंडारण से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी,और जिला बदर जैसी बड़ी कार्रवाई भी हो सकती है।अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस संयुक्त कार्रवाई में खनि अधिकारी, खनि निरीक्षक शहडोल, तहसीलदार बुढ़ार एवं थाना प्रभारी अमलाई अपने दल के साथ उपस्थित रहे।

