कलेक्टर के सख्त निर्देश पर बड़ी कार्रवाई: बटुरा में 10 टन अवैध कोयला जब्त,दोषियों की तलाश शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बुढ़ार क्षेत्र के बटुरा-बिछिया में लंबे समय से चल रहे कथित अवैध कोयला उत्खनन पर आखिरकार प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने अवैध रूप से भंडारित करीब 10 टन कोयला जब्त किया है। प्रशासन का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी,वहीं अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में सामने आने वाले वास्तविक जिम्मेदारों तक पुलिस पहुंच पाती है या नहीं।

शहडोल।जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के सख्त निर्देशों पर प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को बुढार तहसील अंतर्गत ग्राम बटुरा में संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 10 टन अवैध रूप से भंडारित खनिज कोयला लावारिस हालत में जब्त किया। जब्त कोयले को अमलाई थाना में सुपुर्द कर खनिज नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई।

कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बुढार अर्चना मिश्रा, दीपक मंडावी (राजस्व), तहसीलदार बुढार मनोज सिंह, थाना प्रभारी अमलाई भूपेंद्रमणि पाण्डे तथा प्रभारी खनि निरीक्षक समय लाल गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन और कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।

लंबे समय से चल रही थी शिकायतें :अर्चना मिश्रा

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अर्चना मिश्रा ने बताया कि प्रशासन को लगातार जानकारी मिल रही थी कि बटुरा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से कोयले का उत्खनन एवं भंडारण किया जा रहा है। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि जब्त किए गए कोयले के संबंध में अब पुलिस विस्तृत जांच करेगी और यह पता लगाया जाएगा कि अवैध उत्खनन और भंडारण में कौन-कौन लोग शामिल थे। जांच पूरी होते ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा : थाना प्रभारी

इस संबंध में अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्रमणि पाण्डे ने बताया कि लगभग 10 टन अवैध कोयला जब्त किया गया है। मामले में नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर विस्तृत विवेचना की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग अवैध रूप से कोयले का उत्खनन और कारोबार कर रहे थे, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जांच के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की सख्त नीति

कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन,परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में प्राकृतिक संसाधनों की लूट और शासन को राजस्व हानि पहुंचाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

error: Content is protected !!