रसायन शास्त्र शिक्षकों के लिए तीन दिवसीय दक्षता संवर्धन प्रशिक्षण संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहडोल।शासकीय पीएम श्री एमएलबी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहडोल में 8 जून से 10 जून 2026 तक रसायन शास्त्र विषय के उच्च माध्यमिक शिक्षकों के लिए तीन दिवसीय दक्षता संवर्धन (कैपेसिटी बिल्डिंग) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों की प्रायोगिक दक्षता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों को प्रयोगशाला आधारित एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समृद्ध शिक्षण प्रदान करना था।
प्रशिक्षण में जिले भर के लगभग 30 उच्च माध्यमिक विद्यालयों के रसायन शास्त्र विषय के शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को कक्षा 11वीं एवं 12वीं के पाठ्यक्रम से संबंधित प्रयोगों, प्रयोगशाला उपकरणों के उपयोग, वैज्ञानिक अवधारणाओं, आवश्यक सामग्रियों एवं सुरक्षा संबंधी सावधानियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण में साल्ट एनालिसिस (अकार्बनिक लवणों का गुणात्मक विश्लेषण), अम्ल-क्षार एवं रेडॉक्स अनुमापन, कार्बनिक यौगिकों में तत्व एवं क्रियात्मक समूहों की पहचान, गलनांक एवं क्वथनांक निर्धारण, ज्वाला परीक्षण तथा कार्बोहाइड्रेट, वसा एवं प्रोटीन परीक्षण सहित अनेक महत्वपूर्ण प्रयोगों का प्रदर्शन एवं अभ्यास कराया गया। शिक्षकों ने प्रयोगशाला में स्वयं प्रयोग कर विभिन्न अवधारणाओं पर चर्चा की तथा अपने अनुभव साझा किए।
प्रशिक्षण के अंतिम दिवस पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) की प्राचार्य श्रीमती अभिलाषा मिश्रा ने शिक्षकों से विद्यालयों में गतिविधि आधारित एवं प्रयोगात्मक शिक्षण को बढ़ावा देने का आह्वान किया। वहीं कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एवं एमएलबी विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती साधना जैन ने शिक्षकों को विद्यार्थियों में तार्किक एवं वैज्ञानिक चिंतन विकसित करने के लिए विभिन्न वर्चुअल एवं डिजिटल प्रयोगशाला प्लेटफॉर्म के उपयोग संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की।
यह प्रशिक्षण सीमेट भोपाल के मार्गदर्शन तथा डाइट शहडोल के समन्वय से आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में भोपाल से मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित श्री रोहिणी प्रसाद बैस एवं श्री दीप नारायण तिवारी ने शिक्षकों की प्रायोगिक कठिनाइयों का समाधान करते हुए प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान किया, जिसकी प्रतिभागियों ने सराहना की।
कार्यक्रम की सतत मॉनिटरिंग एवं मार्गदर्शन जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय शहडोल के एपीसी श्री अरविंद पांडे द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को आवश्यक प्रयोग सामग्री भी उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें प्रयोगों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सका।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यालयों में विज्ञान शिक्षा को अधिक प्रभावी, रोचक एवं प्रयोगात्मक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
error: Content is protected !!