जल्द शुरू होगा इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक मॉडल रोड निर्माण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पत्रकार राहुल मिश्रा,शहडोल।शहर के बहुप्रतीक्षित और महत्वपूर्ण विकास कार्यों में शामिल इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक प्रस्तावित मॉडल रोड निर्माण परियोजना को अब गति मिलने लगी है। लंबे समय से विभिन्न कारणों से अटकी इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद शहडोल के अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा (डोली), मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशांत सिंह ठाकुर, उपयंत्री शरद द्विवेदी, पुनीत त्रिपाठी, स्वच्छता निरीक्षक मोतीलाल सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।यह सड़क शहडोल नगर की सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण सड़कों में से एक है, जहां से प्रतिदिन हजारों नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और यात्रियों का आवागमन होता है। वर्षों से सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण और अन्य तकनीकी कारणों के चलते निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा था। इस दौरान व्यापारियों द्वारा आंदोलन और कई दौर की बैठकों का आयोजन भी किया गया। अंततः नगर पालिका प्रशासन, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच सकारात्मक संवाद के बाद सहमति बनी और अब निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है।
कलेक्ट्रेट में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान कलेक्टर ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया था कि शहर की इस प्रमुख परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, जिसके बाद नगर पालिका ने आवश्यक तैयारियां तेज कर दी हैं।


नगर पालिका परिषद द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह परियोजना मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना (CM MONIT A+) के अंतर्गत क्रियान्वित की जाएगी। लगभग 6 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली इस मॉडल रोड में सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण, विद्युत पोल शिफ्टिंग, सेंट्रल लाइटिंग व्यवस्था, फुटपाथ निर्माण, नाली निर्माण तथा अन्य आधुनिक अधोसंरचनात्मक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना पूरी होने के बाद शहरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और नगर की सुंदरता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने कहा कि नगर के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा और शहर के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने व्यापारियों एवं नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह परियोजना पूरे शहर के भविष्य से जुड़ी हुई है।
वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशांत सिंह ठाकुर ने निर्माण कार्य को गुणवत्ता और समय सीमा के भीतर पूरा कराने की बात कही। नगरवासियों का मानना है कि उनके पदभार ग्रहण करने के बाद नगर पालिका के कई महत्वपूर्ण कार्यों में नई गति देखने को मिल रही है। लंबे समय से रुकी हुई विकास योजनाओं को पुनः शुरू करने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं।
नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा (डोली) भी इस परियोजना को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। व्यापारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा और सीएमओ निशांत ठाकुर की संयुक्त पहल से शहर के लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिल रही है।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों से चर्चा कर निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील की। व्यापारियों ने भी नगर के विकास के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उपयंत्री शरद द्विवेदी, पुनीत त्रिपाठी, मोतीलाल सिंह, स्वच्छता निरीक्षक अनिल महोबिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शहरवासियों का मानना है कि इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक बनने वाली यह मॉडल रोड आने वाले समय में शहडोल की नई पहचान बनेगी और शहर को आधुनिक, व्यवस्थित तथा आकर्षक स्वरूप प्रदान करेगी। यह परियोजना न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

error: Content is protected !!