शहडोल।जनसुनवाई को केवल औपचारिकता नहीं,बल्कि आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनाने की दिशा में कलेक्टर डॉ. केदार सिंह लगातार संवेदनशील और सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित सोन सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में उन्होंने जिले के दूर-दराज़ से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम खैरहा निवासी रामजीन ने नलकूप खनन की अनुमति, ग्राम खाम्हा निवासी पडसू अहिरवार ने कृषि कार्य हेतु रास्ता खुलवाने, ग्राम मसीरा निवासी कौशिल्या केवट ने उज्ज्वला योजना का लाभ दिलाने, ग्राम कल्याणपुर निवासी शिष्या कुमारी यादव ने छात्रवृत्ति, ग्राम दुआरी निवासी पंकज वर्मन ने भूमि पर कब्जा दिलाने तथा ग्राम खड्डा निवासी निशा पटेल ने रोजगार उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर न्याय और राहत मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।


