पुराने रिश्तों की खातिर शहडोल पहुंचीं डॉ. मल्लिका नड्डा, बचपन की सहेली अमिता चपरा के बेटे के विवाह में हुईं शामिल

SHARE:

शहडोल।सार्वजनिक जीवन में बड़े पद और प्रतिष्ठा हासिल करने के बाद अक्सर लोगों की प्राथमिकताएं बदल जाती हैं, लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जिनकी आत्मीयता समय और पद की सीमाओं से परे बनी रहती है। मंगलवार को शहडोल में इसकी एक सहज और सादगीपूर्ण मिसाल देखने को मिली।भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की पत्नी डॉ. मल्लिका नड्डा अपनी बचपन की सहेली एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा के पारिवारिक समारोह में शामिल होने शहडोल पहुंचीं। उनका यह प्रवास किसी राजनीतिक गतिविधि या सार्वजनिक आयोजन के लिए नहीं, बल्कि वर्षों पुराने मित्रता के रिश्ते को निभाने के लिए था।
डॉ. मल्लिका नड्डा मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क मार्ग से शहडोल पहुंचीं। वे कटनी से युवा कारोबारी युग डालमिया के साथ यहां आई थीं। शहडोल पहुंचने के बाद वे सीधे भाजपा जिलाध्यक्ष अमिता चपरा के निवास पहुंचीं। दोनों सहेलियों की मुलाकात में पुराने दिनों की आत्मीयता और पारिवारिक स्नेह साफ झलका। डॉ. नड्डा ने अमिता चपरा के पुत्र के विवाह समारोह में सहभागिता की और नवदंपती को आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताया और भोजन भी ग्रहण किया।

डालमिया परिवार से भी पुराने पारिवारिक संबंध


अमिता चपरा के निवास पर पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद डॉ. मल्लिका नड्डा युवा कारोबारी युग डालमिया के निवास पहुंचीं। यहां उन्होंने युग डालमिया की माताजी से मुलाकात की और परिवार के सदस्यों के साथ आत्मीय समय बिताया। डालमिया परिवार से भी उनके पुराने पारिवारिक संबंध बताए जाते हैं। कुछ देर विश्राम और पारिवारिक मुलाकात के बाद वे युग डालमिया के साथ सड़क मार्ग से कटनी के लिए रवाना हो गईं।

शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में भी विशिष्ट पहचान

डॉ. मल्लिका नड्डा की पहचान केवल एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार तक सीमित नहीं है। शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने इतिहास विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उनकी स्कूली एवं उच्च शिक्षा जबलपुर में हुई है। वे विशेष ओलंपिक भारत की अध्यक्ष हैं और विशेष ओलंपिक एशिया प्रशांत की सलाहकार परिषद की अध्यक्षता भी कर चुकी हैं। दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से प्रोत्साहित करने तथा उन्हें अवसर उपलब्ध कराने के क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

 सादगी के साथ निभाया मित्रता का रिश्ता

डॉ. मल्लिका नड्डा के इस शहडोल प्रवास की खास बात यह रही कि पूरे कार्यक्रम को निजी और पारिवारिक दायरे तक सीमित रखा गया। न किसी तरह का प्रचार-प्रसार किया गया और न ही स्वागत के नाम पर बड़े बैनर-पोस्टर या सार्वजनिक आयोजन की व्यवस्था दिखाई दी। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहचान रखने के बावजूद उन्होंने अपने पुराने रिश्ते को सहजता से प्राथमिकता दी।आज के दौर में जब सामान्य मुलाकातें भी कई बार प्रचार का माध्यम बन जाती हैं, ऐसे समय में डॉ. मल्लिका नड्डा का यह निजी प्रवास मित्रता और पारिवारिक संबंधों की अहमियत को रेखांकित करता है। उनका संक्षिप्त शहडोल दौरा भले ही किसी राजनीतिक गतिविधि का हिस्सा नहीं था, लेकिन पुराने रिश्तों के प्रति आत्मीयता और सादगी के कारण चर्चा का विषय जरूर बना।

13
Vote Now

कोचिंग सेंटर्स में 10वीं तक के स्टूडेंट्स की एंट्री बंद करने का फैसला क्या सही है?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य