शहडोल।जिले में पहली बार परिवहन विभाग की ऐसी सख्त और सक्रिय कार्यशैली देखने को मिली,जब आरटीओ शहडोल श्रीमती अनपा खान स्वयं सोमवार को वर्कशॉप यार्ड पहुंचीं और एंबुलेंस वाहनों का औचक निरीक्षण किया। उनकी इस कार्रवाई से लापरवाही बरतने वालों में हड़कंप की स्थिति बन गई।आरटीओ द्वारा शुभ मोटर्स एवं टाटा फ्रंटियर मोटरकॉर्प के वर्कशॉप यार्ड में खड़ी एंबुलेंसों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान करीब 6 एंबुलेंस वाहनों को चेक किया गया, जिनमें कुछ एंबुलेंसों के लाइफ सपोर्ट सिस्टम में भी खामियां पाई गईं। इस पर संबंधित पक्षों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।जानकारी के अनुसार, सीएमएचओ कार्यालय में पंजीकृत लगभग 32 सीजी पासिंग एंबुलेंस वाहनों में से कुछ का निरीक्षण किया जा चुका है। आगामी दिनों में अन्य एंबुलेंसों और सड़कों पर चल रहे वाहनों की भी सघन जांच की जाएगी। इस दौरान आरटीओ के साथ सीएमएचओ भी मौजूद रहेंगे।
आरटीओ श्रीमती अनपा खान ने स्पष्ट कहा कि परिवहन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, खामी या नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चाहे एंबुलेंस हो या अन्य वाहन, सभी को नियमों के तहत ही संचालित करना होगा।इस कार्यवाही के बाद मेडिकल कालेज के बाहर खड़ी अवैध तरीके से संचालित एंबुलेंसों पर भी कार्रवाई करनी चाहिए आरटीओ की इस सराहनीय पहल को आमजन ने भी स्वागत योग्य बताया है।लोगों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल परिवहन व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।


