शहडोल।जिले की व्यवस्थाओं को करीब से समझने और जमीनी स्तर पर उनकी वास्तविक स्थिति जानने के लिए कलेक्टर पार्थ जायसवाल लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने बुधवार को सोहागपुर क्षेत्र की खैरहा भूमिगत कोयला खदान का निरीक्षण किया।कलेक्टर ने खदान में कोयला उत्पादन,उत्खनन एवं परिवहन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली और विशेष रूप से श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अंडरग्राउंड खदान में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा,पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की एसईसीएल अधिकारियों ने बताया कि भूमिगत खदान में श्रमिकों के आवागमन के लिए रोपवे की व्यवस्था है। श्रमिकों को लाइट जैकेट,हेलमेट,टॉर्च सहित अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के बाद ही उन्हें भूमिगत खदान में भेजा जाता है।
श्रमिकों से सीधे संवाद कर जानी जमीनी स्थिति
कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने निरीक्षण के दौरान भूमिगत खदान में कार्य कर रहे श्रमिकों से भी सीधे संवाद किया। उन्होंने श्रमिकों से उनकी कार्यप्रणाली, सुरक्षा एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने अपने समक्ष कोयला उत्खनन एवं परिवहन की प्रक्रिया को समझते हुए खदान की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया।कलेक्टर का इस तरह मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को स्वयं देखना और श्रमिकों से सीधे संवाद करना प्रशासन की जमीनी सक्रियता का संदेश देता है। महज कागजी रिपोर्टों पर निर्भर रहने के बजाय मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानने की उनकी पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांटा घर में भी देखी परिवहन व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कांटा घर का भी जायजा लिया। उन्होंने वाहनों के आवागमन, वाहनों में लोड किए जाने वाले कोयले की क्षमता तथा कोयला परिवहन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।कलेक्टर ने खदान में उत्पादन के साथ-साथ श्रमिकों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं को भी प्राथमिकता से समझा, जिससे निरीक्षण का फोकस केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रहा बल्कि खदान में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा और सुविधाओं पर भी रहा।इस अवसर पर अंडरग्राउंड खैरहा भूमिगत खान सोहागपुर के प्रबंधक एस.आर. मांडवी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग, खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य, जनरल मैनेजर ऑपरेशन मनीष कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




