पाँच वर्षों से खाली अपर आयुक्त का पद,संभागीय मुख्यालय शहडोल में न्याय व्यवस्था चरमराई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहडोल।संभागीय मुख्यालय शहडोल में बीते पाँच वर्षों से अपर आयुक्त का पद रिक्त होने के कारण राजस्व न्याय व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।मामलों की सुनवाई में भारी देरी,प्रकरणों का लगातार लंबित रहना और पीड़ित पक्षकारों को समय पर न्याय न मिल पाना अब गंभीर चिंता का विषय बन चुका है।
इस संबंध में राजस्व अभिभाषक संघ,तहसील सोहागपुर,जिला शहडोल ने जिले के प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र अपर आयुक्त की नियुक्ति की मांग की है।संघ ने कहा कि अपर आयुक्त न्यायालय में प्रकरणों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन नियमित सुनवाई के अभाव में आम जनता परेशान है।
संघ के अनुसार,कई बार न्यायालय के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही प्राप्त हुए हैं। वर्तमान स्थिति यह है कि अपर आयुक्त न्यायालय में अगली पेशी सितंबर अक्टूबर 2026 तक की दी जा रही है,जिससे पीड़ित जनता न्याय से वंचित होती जा रही है।
इतना ही नहीं, शहडोल संभाग का गठन 18 वर्ष पूर्व हुआ था और उस समय यह स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि संभागीय मुख्यालय में राजस्व मंडल का कैंप कोर्ट आयोजित किया जाएगा, ताकि जनता को सुलभ और त्वरित न्याय मिल सके। बावजूद इसके, आज तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई।
राजस्व अभिभाषक संघ ने कहा कि शहडोल जिला प्रभारी मंत्री का गृह जिला है और ऐसे में छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान एक आदेश में संभव है।संघ ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपर आयुक्त की तत्काल नियुक्ति और संभागीय मुख्यालय में राजस्व मंडल का नियमित कैंप कोर्ट आयोजित करने की मांग की है।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई,तो न्याय हित में आंदोलनात्मक कदम उठाने पर भी विचार किया जाएगा।

error: Content is protected !!