शहडोल/सोहागपुर।भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष मृदुल मिश्रा ने सरकार की मंशा के अनुरूप समाज में फैल रहे नशे और अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस अधीक्षक शहडोल को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमुई में खुलेआम चल रहे अवैध शराब बिक्री और जुआ-सट्टा के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेता मृदुल मिश्रा ने ज्ञापन में लिखा कि राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे जमुई गांव में अवैध शराब और बामन पत्ती जैसे जुए के फड़ खुलेआम चल रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं में नशे और जुए की लत तेजी से फैल रही है। इससे न केवल गांव बल्कि शहर के युवाओं का भविष्य भी खतरे में पड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार इस अवैध कारोबार की शिकायत अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसके चलते इन अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।
मृदुल मिश्रा ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि जमुई सहित आसपास के क्षेत्रों में चल रहे ऐसे सभी अवैध नशे के अड्डों और जुए के ठिकानों पर सख्त छापामार कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हो और युवाओं को गलत रास्ते पर जाने से रोका जा सके।
युवा और जुझारू भाजपा नेता के रूप में जाने जाने वाले मृदुल मिश्रा का यह कदम समाजहित में एक साहसिक और सराहनीय पहल मानी जा रही है। उन्होंने सरकार की नीति नशा मुक्त समाज सुरक्षित भविष्य को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
स्थानीय नागरिकों ने भी उनके इस प्रयास का स्वागत करते हुए कहा है कि मृदुल मिश्रा ने क्षेत्र की युवा पीढ़ी को नशे के शिकंजे से बचाने की जो पहल की है, वह निश्चित रूप से प्रेरणादायी है। लोगों को उम्मीद है कि इस ज्ञापन के बाद प्रशासन एक्शन मोड में आएगा और क्षेत्र में फैले अवैध धंधों पर जल्द ही रोक लगेगी।











