हिंदी हमारी पहचान और स्वाभिमान की भाषा, इसके सम्मान के लिए करें अधिकाधिक प्रयोग:मृगेंद्र श्रीवास्तव

SHARE:

शहडोल।विचारपुर स्थित वेलवेदर इंटरनेशनल स्कूल में हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व, साहित्यिक विरासत और अपनी भाषा के प्रति सम्मान से जोड़ना रहा।विद्यालय की प्राचार्य जेनिस तिवारी ने बताया कि हिंदी के सम्मान और विद्यार्थियों को हिंदी की समृद्ध साहित्यिक संपदा से परिचित कराने के लिए सप्ताहभर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें कविता पाठ, वाद-विवाद, कथा कथन, भाषण, सुलेख, अंताक्षरी, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि शिक्षाविद एवं साहित्यकार मृगेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को हिंदी के महत्व, इसके विशाल शब्द भंडार और समृद्ध साहित्यिक परंपरा की जानकारी दी।उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी भाषाओं का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन अपनी भाषा के प्रचार-प्रसार, उत्थान और सम्मान के लिए भी विशेष प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए हिंदी एवं भारतीय संस्कृति से जुड़े प्रश्न पूछे तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया।
श्रीवास्तव ने अपनी काव्य पंक्तियों के माध्यम से भी हिंदी के महत्व को रेखांकित किया।
हिंदी है बिंदी साथियो भारत के भाल की।
लिपि देवनागरी है ये भाषा कमाल की।
हिंदी है हिंदुस्थान की अनमोल संपदा,
इसको है जरूरत हमारे देखभाल की।।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से मृगेंद्र श्रीवास्तव को शाल, श्रीफल, तुलसी का पौधा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं की प्रविष्टियों का मूल्यांकन प्राचार्य जेनिस तिवारी एवं मृगेंद्र श्रीवास्तव ने निर्णायक के रूप में किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।इस अवसर पर विद्यार्थियों को हिंदी पढ़ने, लिखने और बोलने का अधिकाधिक प्रयोग करने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में संस्था के निदेशक सफदर हुसैन बोहरा, प्रबंध निदेशक फातिमा बोहरा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। संस्था प्रबंधन ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम का संचालन रचना मिश्रा एवं प्रियांशी असवानी ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

9
Vote Now

कोचिंग सेंटर्स में 10वीं तक के स्टूडेंट्स की एंट्री बंद करने का फैसला क्या सही है?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य