शहडोल।जिला कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित जिला जेल का औचक निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जहां आवश्यक सुधार की जरूरत महसूस हुई,वहां तत्काल आवश्यक निर्देश दिए।कलेक्टर ने जेल के औषधालय और पुस्तकालय का निरीक्षण किया।उन्होंने कैदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और दवाइयों की उपलब्धता के संबंध में जेल अधीक्षक से जानकारी ली।बताया गया कि प्रत्येक माह 10 दिन डॉक्टर जेल पहुंचकर कैदियों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हैं तथा आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाते हैं।औषधालय में पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध होने की जानकारी दी गई।

ऑनलाइन पेशी की व्यवस्था भी देखी कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम का निरीक्षण कर कैदियों की ऑनलाइन न्यायालयीन पेशी की व्यवस्था देखी।जेल अधीक्षक ने बताया कि जिला जेल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए सात कक्ष बनाए गए हैं और पेशी की निर्धारित तारीख पर कैदियों की ऑनलाइन न्यायालय में उपस्थिति दर्ज कराई जाती है।किचन की सफाई और CCTV पर विशेष जोर
कलेक्टर ने जेल के किचन में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही जेल परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सभी CCTV कैमरों को चालू रखने और संवेदनशील ब्लैक स्पॉट की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने जेल में बंद कैदियों से सीधे संवाद भी किया और उनके अपराध, सजा तथा विधिक सहायता की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। कैदियों के पास उपलब्ध सामग्रियों की जांच भी अपने समक्ष कराई गई। इसके अलावा माफी रजिस्टर, ओपीडी रजिस्टर और बंदी हिस्ट्री टिकट रजिस्टर का अवलोकन किया। भोजन और मूलभूत सुविधाओं की भी ली जानकारी कलेक्टर ने कैदियों से जेल में मिलने वाली चाय, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली।कैदियों ने बताया कि निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाता है तथा प्रत्येक रविवार को विशेष भोज भी दिया जाता है।
कलेक्टर ने पेयजल, शौचालय, स्नानागार सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी जानी और जेल प्रशासन को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं में लगातार सुधार बनाए रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, जेल अधीक्षक भास्कर पांडे एवं जेलर सुनील कुमार बैसवाड़े उपस्थित रहे।







