आधी रात शहडोल पुलिस लाइन में मातम:ड्यूटी पॉइंट पर बैठे आरक्षक ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली,मौके पर मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहडोल।शहडोल पुलिस लाइन से मंगलवार बुधवार की दरम्यानी रात एक हृदयविदारक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है।ड्यूटी पॉइंट पर तैनात एक आरक्षक ने कुर्सी पर बैठे-बैठे अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुढ़ार थाने में पूर्व में पदस्थ और वर्तमान में पुलिस लाइन में अटैच आरक्षक शिशिर सिंह राजपूत (29) ने रात करीब 1:25 बजे यह आत्मघाती कदम उठाया। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ देर पहले वह मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रहा था। बातचीत के दौरान तनाव बढ़ा, गुस्से में उसने मोबाइल जमीन पर पटककर तोड़ दिया और तुरंत बाद सर्विस राइफल उठाकर गर्दन-दाढ़ी के पास नली रखकर ट्रिगर दबा दिया। गोली सिर के आर-पार निकल गई, जिससे उसकी तत्काल मौत हो गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद पुलिसकर्मी दौड़कर मौके पर पहुंचे।
आरक्षक शिशिर को वर्ष 2013 में अनुकंपा नियुक्ति के तहत बाल आरक्षक बनाया गया था। 2015 में 18 वर्ष पूर्ण होने पर वह नियमित आरक्षक के पद पर नियुक्त हुआ। वह मूल रूप से जबलपुर का निवासी था। परिवार में मां और तीन बहनें हैं। घटना के समय उसकी ड्यूटी थी या नहीं इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी शेष है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे।शव को आधी रात शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल कई सवाल जांच के केंद्र में हैं।
क्या निजी विवाद वजह बना?
क्या ड्यूटी का दबाव कारण रहा?
या फिर फोन पर हुई बातचीत ने उसे इस हद तक विचलित कर दिया?
इन सभी पहलुओं पर पुलिस हर एंगल से पड़ताल कर रही है।इस दर्दनाक घटना के बाद पुलिस लाइन में शोक और सन्नाटा पसरा है, वहीं पूरे विभाग में गहरा सदमा देखा जा रहा है।

और पढ़ें

Buzz4 Ai
error: Content is protected !!