मुख्यमंत्री के सेवा पखवाड़ा अभियान की भावना को सार्थक रूप देते हुए शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने एक अनूठी मिसाल पेश की है।उन्होंने स्वयं कर्मचारियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में घंटों श्रमदान कर सफाई अभियान का नेतृत्व किया।कलेक्टर को हाथ में झाड़ू लेकर सफाई करते देख कर्मचारियों में अभूतपूर्व उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर उन्हें व्यवस्थित करने के निर्देश दिए और सिपेज जैसी समस्याओं के तत्काल निराकरण पर जोर दिया।कलेक्टर की इस पहल की जिलेभर में सराहना हो रही है और आमजन भी इसे स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की प्रेरणा मान रहे हैं।
राहुल मिश्रा
शहडोल।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आहवान पर जिले में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत सफाई का अभियान श्रमदान के माध्यम से चलाया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन में शनिवार को जिले भर के शासकीय कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। उन्होंने स्वयं कलेक्ट्रेट परिसर में झाड़ू लगाया तथा कचरे का निदान भी किया। शासकीय सेवकों ने श्रमदान कर कार्यालयों में रखी गई अनुपयोगी वस्तुओं को कार्यालय से हटाया तथा कार्यालयीन रिकार्ड जिनका तात्कालिक महत्व नहीं है को बस्तों में बांधकर व्यवस्थित रूप से संधारित किया गया। इसके साथ ही कार्यालय कक्षों, गैलरी तथा कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई कर कचरे का निदान किया गया।
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर में सफाई अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने विभिन्न कार्यालयों में भ्रमण कर अभियान के तहत की गई सफाई का निरीक्षण भी किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने के साथ ही श्रमदान करने वाले शासकीय सेवकों का उत्साहवर्धन भी किया। कार्यालय भवन के कोनो में एकत्र कचरे का समक्ष में उपस्थित होकर निदान करवाया।
अभियान के दौरान उन्होंने स्वयं भी श्रमदान किया। स्वच्छता अभियान के तहत जनजातीय कार्य विभाग, खाद्य विभाग, अपर कलेक्टर कार्यालय, जन अभियान परिषद,मत्स्यपालन विभाग,भू-अभिलेख, निर्वाचन कार्यालय, कोषालय,डीपीसी कार्यालय, एनआईसी तथा सभागारों आदि में सफाई का अभियान संचालित किया गया।